संभल। नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में लगे भारतीय हस्तशिल्प एवं उपहार मेले में संभल और सरायतरीन के निर्यातकों के 10 स्टॉल लगे हैं। इन स्टॉल पर हैंडीक्राफ्ट आइटम सजाए गए हैं जो विदेशी वायरों को खूब पसंद आ रहे हैं। निर्यातक आइटमों के आर्डर मिलने की उम्मीद जाहिर कर रहे हैं। निर्यात एवं प्रोत्साहन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने भी स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए निर्यातकों का उत्साहवर्धन किया।
नोएडा में भारतीय हस्तशिल्प एवं उपहार मेला 13 अक्तूबर से शुरू हुआ था और 17 अक्तूबर तक चलेगा। इस मेले में संभल के 10 निर्यातकों के स्टॉल लगे हैं। इनमें नीलकंठ इंटरप्राजेज के कमल कौशल वार्ष्णेय, मून लाइट एक्सपोर्ट के मोहम्मद शारिक, डिश एंड डेड के मोहम्मद जुबैर, डीएच हैंडीक्राफ्ट के मोहम्मद रिहान, झेलम इंटरनेशनल के मोहम्मद नावेद, होम डेकोरेट क्राफ्ट के मोहम्मद शाहिद, बुलिस्क क्राफ्ट के मोहम्मद जैद, आरएच हैंडीक्राफ्ट के मोहम्मद रिजवान, वर्ल्ड वाइड एक्सपोर्ट के मोहम्मद गय्यूर के स्टॉल हैं। जिन पर घरेलू सामान, फैशन ज्वैलरी के अलावा फर्नीचर के आइटम हैं। यह आइटम हॉर्न बोन एवं लकड़ी से तैयार किए गए हैं। स्टॉलों पर विदेशी वायर पहुंचकर आइटमों के बारे में बारीकी से जानकारी लेकर पसंद कर रहे हैं। निर्यात एवं प्रोत्साहन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने भी स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने आइटमों को अच्छा बताते हुए निर्यातकों का उत्साह बढ़ाया। नीलकंठ इंटरप्राइजेज के कमल कौशल वार्ष्णेय ने कहा कि मेले में अच्छा रिस्पांस आ रहा है। उम्मीद है कि इस बार हैंडीक्राफ्ट आइटमों के अच्छे आर्डर मिलेंगे, जिससे कारोबार तरक्की करेगा।