चंदौसी। जिले के परिषदीय विद्यालयों में सोमवार को बच्चों की अर्द्धवार्षिक परीक्षा हुई। जिसमें करीब डेढ़ लाख से ज्यादा छात्र- छात्राओं ने हिस्सा लिया। कक्षा एक से पांचवीं तक के बच्चों ने मौखिक परीक्षा दी। वहीं कक्षा छह से आठवीं तक के बच्चों की लिखित परीक्षा हुई। परीक्षा का जायजा लेने के लिए अधिकारी भी स्कूलों का भ्रमण करते रहे।
जिले में बेसिक शिक्षा विभाग के 1289 प्राथमिक, उच्च प्राथमिक व कंपोजिट विद्यालय है। इनमें करीब 1,59,000 हजार बच्चे शिक्षा लेते हैं। इन बच्चों की अर्द्धवार्षिक परीक्षा का शुभारंभ सोमवार से हो गया। जो दो पालियों में संपन्न हुई। पहली पाली का समय सुबह 09.30 से 11.30 बजे और दूसरी पाली का समय दोपहर 12.30 से 02.30 बजे निर्धारित किया गया। पहले दिन सोमवार को कक्षा एक से पांचवीं तक के छात्र- छात्राओं की मौखिक परीक्षा हुई। कक्षा छह से आठवीं तक की कक्षाओं की पहली पाली में कृषि, गृह शिल्प और दूसरी पाली में खेल व स्वास्थ्य स्काउटिंग विषय की परीक्षा हुई। परीक्षा सकुशल संपन्न हो। इसके लिए शिक्षक भी समय से पूर्व ही स्कूल पहुंच गए। कई जगह शिक्षकों को परीक्षा देने के लिए बच्चों को उनके घरों से बुलाना पड़ा। परीक्षा की निगरानी करने के लिए बीओई भी स्कूलों का निरीक्षण करते रहे।
-
परिषदीय स्कूलों के छात्र- छात्राओं की अर्द्धवार्षिक परीक्षा 23 से 28 दिसंबर तक चलेंगी। सोमवार को कक्षा एक से पांचवीं तक के बच्चों की मौखिक व कक्षा छह से आठवीं तक के बच्चों की लिखित परीक्षा हुई है। सभी विद्यालयों में पहले दिन की परीक्षाएं सकुशल संपन्न हुईं।
अलका शर्मा, बीएसए