ग्राम अकरौली निवासी फजल हुसैन का पुत्र शाहरुख खान (12) बुधवार की दोपहर दो बजे पड़ोसी गांव बनियाखेड़ा में अपनी ननिहाल आया था। शाम पांच बजे करीब वह गांव के अन्य लोगों के साथ मोहर्रम में कर्बला जा रहा था। जब वह चंदौसी मुरादाबाद मार्ग स्थित प्रथमा बैंक के सामने पहुंचा तो सड़क पार करते समय चंदौसी की ओर से आ रहे ट्रक ने उसे रौंद दिया।
जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसकी मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर मौजूद भीड़ ने चालक को ट्रक से उतार लिया और उसकी पिटाई कर और ट्रक में तोडफ़ोड़ कर दी। इस दौरान मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक को भीड़ से बचाकर थाने भेज दिया। आक्रोशित भीड़ ने चंदौसी मुरादाबाद मार्ग पर जाम लगाने की कोशिश की तो पुलिस ने भीड़ को लाठी डंडे फटकार खदेड़ दिया। इस दौरान भीड़ की पुलिस से काफी नोंकझोंक भी हुई। पुलिस शाहरुख के शव को थाने ले आई।
करीब आधा घंटे बाद जाम खुलने पर यातायात सुचारु हो सका। पुलिस ने पंचनामा भर शव पोस्टमार्टम को भेजा है। मृतक बालक के ताऊ अजहर पुत्र नबाव ने ट्रक चालक विष्णु कुमार पुत्र नारायण सिंह निवासी ग्राम झुंड थाना बंगरु जनपद जयपुर राजस्थान के खिलाफ थाना बनियाठेर में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
संभल। घर के बाहर सड़क पर मासूम को बाइक सवार व्यक्ति ने टक्कर मार दी। इससे मासूम की मौके पर मौत हो गई। आसपास के लोगों बाइक सवार को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। नगर के मोहल्ला चौधरी सराय निवासी मोहम्मद आकिल का बेटा साहिल (5वर्ष) को मोहल्ला कोटगर्बी में नाना अच्छन के घर पर आया था। दोपहर एक बजे साहिल खाना खाने के बाद घर से निकल आया और सड़क किनारे खेल रहा था। तभी बाइक सवार ने साहिल को पीछे से टक्कर मार दी।
यह देख आसपास के लोग दौड़ पड़े। लोगों ने मासूम को उठाया। बाइक सवार को पकड़ लिया। जानकारी मिलने पर परिजन भी मौके आ गए। परिजन साहिल को निजी अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन अस्पताल में डॉक्टर नहीं मिले। इसके बाद साहिल को लेकर परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। जिला अस्पताल में डॉक्टर ने देखते ही मासूम को मृत घोषित कर दिया। आकिल ने कोतवाली पुलिस को बाइक सवार के खिलाफ तहरीर दी है।कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि तहरीर के आधार पुलिस रिपोर्ट दर्ज करेगी।
ओबरी (संभल)। मेहंदी का जुलूस देखकर घर लौट रहे बाइक सवार तीन युवक जुगाडू से टकरा गए। इसमें युवक आरिफ ने मौके पर दम तोड़ दिया। दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। अमरोहा जनपद के डिडोली थाना क्षेत्र के गांव फैजगंज निवासी मोहम्मद आरिफ पुत्र नोशे खां अपने चचेरे भाई फरमान पुत्र अनवार तथा रिश्तेदार फईम पुत्र इसरार निवासी नगला जिला अमरोहा के साथ बाइक से असमोली के गांव रांया बुजुर्ग मे मेहंदी का जुलूस देखने गया था।
उधर नखासा थाना क्षेत्र के गांव नाहठेर निवासी महमूद हुसैन बुधवार को संभल में ताजिये देखने के लिए आए थे। शाम छह बजे जुलूस देखने के बाद महमूद हुसैन पैदल ही गांव वापस जा रहे थे। जैसे ही वह असमोली मार्ग पर रायसत्ती से आगे निकले तो पीछे आए तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दी।
इससे वह बुरी तरह घायल हो गए। बाइक सवार बाइक को छोड़कर भाग गया। जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजनों महमूद हुसैन को जिला अस्पताल लेकर आए। जहां पर देखते ही डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। महमूद हुसैन की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।