चंदौसी। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में सोमवार को सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज का प्रकाशोत्सव धूमधाम से मनाया गया। रागी जत्था ने शबद कीर्तन और गुरुवाणी से गुरु की महिमा का बखान कर संगत को निहाल कर दिया। गुरु का अटूट लंगर भी बरताया गया।
सोमवार को सुबह साढ़े आठ बजे शनिवार से चल रहे श्री अखण्ड पाठ साहिब का समापन हुआ। तदोपरांत पंजाब के सोहाना से आए रागी जत्था भाई इंदरप्रीत सिंह ने शबद कीर्तन का गायन किया। साथ ही गुरु गोविंद सिंह जी की वीरता, दयालुता व स्वाभिमान का इतिहास सुनाया। तहि प्रकाश हमारा भयो: पटना शहर विश्वै भव लयो, वह प्रगटियो मरद अगबड़ा वरियाम अकेला, वाह-वाह गोविंद सिंह आपे गुरु चेला सुना कर संगत को निहाल कर दिया। तत्पश्चात गुरु का अटूट लंगर बरताया गया। तमाम लोगों ने लंगर छका।
इस दौरान डीएम राजेंद्र पैंसिया और एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा पहुंचे और मत्था टेका और पंक्ति में बैठकर लंगर छका। इस दौरान डीएम और एसपी को पगड़ी पहना कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रधान सरदार गोपाल सिंह, सचिव चरन सिंह, महेंद्र पाल सिंह, अमृतपाल सिंह, सतनाम सिंह, अमरजीत सिंह, गुरचरन कौर, दिलीप कौर, सुरजीत कौर, गुरमीत कौर, दिलीप कौर, सुरजीत कौर, गुरमीत कौर आदि थे।