संभल। आईजीआरएस पर की गई शिकायत का गलत निस्तारण करने गुन्नौर तहसीलदार से जवाब तलब किया गया है। साथ ही एक लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई करने और कानूनगो चेतावनी जारी करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
गुन्नौर तहसील के गांव घौंसली निवासी किसान पान सिंह ने चकमार्ग से अवैध कब्जा हटाने के लिए शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें गुन्नौर तहसील टीम द्वारा गलत निस्तारण किया गया। गुन्नौर तहसीलदार ने आख्या रिपोर्ट में उल्लेख किया कि ग्राम घौंसली अनुरुद्ध का भू-चित्र जीर्ण-शीर्ण होने के कारण सीमांकन संभव नहीं है। इस रिपोर्ट के आधार पर डीएम ने माना कि आख्या प्रथम दृष्टया असंतोषजनक है।
रिपोर्ट तथ्यविहीन एवं दायित्व से बचने की प्रवृत्ति को प्रदर्शित करने वाली है। डीएम ने कहा कि भू-चित्र के जीर्ण-शीर्ण होने की स्थिति में भी फील्ड बुक, खतौनी, नक्शा परवाना, पुनरीक्षित अभिलेख अथवा उच्च कार्यालयों से भू-अभिलेख प्राप्त कर सीमांकन किया जा सकता था। डीएम ने कहा है कि तहसीलदार को निर्देशित किया गया है कि वह स्पष्ट करें कि चकमार्ग को लेकर प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं की गई। सात दिन में यदि संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं आया तो कार्रवाई की जाएगी।
दूसरी ओर डीएम ने गुन्नौर एसडीएम को गांव घौंसली के हल्का लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई व राजस्व निरीक्षक को चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही निर्देश दिए हैं कि अब हल्का लेखपाल हल्का क्षेत्र के बाहर निवास नहीं करेंगे। हल्का क्षेत्र छोड़ने के लिए अनुमति लेनी होगी। यदि ऐसा नहीं किया गया तो कार्रवाई की जाएगी।
लेखपालों को हल्का क्षेत्र में निवास कर लोगों की समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए हैं। जिससे फरियादी एसडीएम या डीएम कार्यालय तक न पहुंचे। इससे फरियादी का समय और खर्च दोनों बचेंगे। राजस्व मामलों का निस्तारण करना मूल कर्तव्य है।
डीएम, संभल