संभल। नगर के चंदौसी मार्ग पर स्थित मेंथा फर्म नीरज केमिकल्स पर जीएसटी की टीम ने बुधवार की दोपहर दो बजे छापा मारा। इस दौरान दस्तावेजों की जांच पड़ताल की गई। जांच के दौरान सामने आया कि फर्म मालिक ने बोगस फर्म से मेंथा की खरीद फरोख्त की है। और आईटीसी का लाभ पाने के लिए क्लेम भी कर दिया। प्राथमिक जांच में गड़बड़ी पकड़े जाने के बाद 56 लाख रुपये का जुर्माना वसूला है। आगे की जांच पड़ताल की जा रही है। इसमें बड़ी गड़बड़ी सामने आ सकती है। डिप्टी कमिश्नर विकास चौधरी के नेतृत्व में टीम ने छापा मारा। शाम पांच बजे तक हुई छानबीन के बाद बाहर निकले डिप्टी कमिश्नर ने गड़बड़ी होने की बात स्वीकार की। साथ ही बताया कि दस्तावेज की छानबीन की जा रही है। इसमें जीएसटी की बड़ी चोरी सामने आ सकती है। वहीं मुरादाबाद के अपर आयुक्त ग्रेड टू ने बताया कि बोगस खरीद की जानकारी जीएसटी क्लेम करने के दौरान सामने आई। मेंथा व्यापारी ने जिस कारोबारी से मेंथा की खरीद की वह जीएसटी में पंजीकृत नहीं था और इसके बाद भी आईटीसी का लाभ पाने के लिए क्लेम किया गया। राज्यकर आयुक्त के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है। प्राथमिक गड़बड़ी पकड़े जाने के चलते 56 लाख रुपये का जुर्माना जमा करा लिया गया है। आगे की जांच की जा रही है। दस्तावेजों की जांच पड़ताल करने के बाद पूरी कार्रवाई की जाएगी।
ये होती है बोगस फर्म
बोगस वह फर्म होती है जो अस्तित्व में नहीं होती है। इसके बाद भी खरीद फरोख्त की जाती है। इससे जीएसटी चोरी कर ली जाती है। ऐसी फर्माें से खरीद-फरोख्त पर राज्यकर आयुक्त की नजर है। अपर आयुक्त ग्रेड टू ने बताया कि राज्यकर आयुक्त प्रदेशभर में जांच करा रहे हैं। बोगस फर्म के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में संभल में यह मामला पकड़ा गया है।