चंदौसी। दीपावली, भाई दूज व छठ पर्व को देखते हुए जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को रेलवे स्टेशन पर चेकिंग व जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान प्लेटफाॅर्म, सर्कुलेटिंग एरिया और ट्रेनों में सघन जांचकर यात्रियों को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
शुक्रवार को जीआरपी थाना प्रभारी अजीत सिंह व आरपीएफ थाना प्रभारी गोविंद सिंह के नेतृत्व में दोनों थानों की टीमों ने रेलवे स्टेशन पर चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के तहत जीआरपी व आरपीएफ की टीमों ने प्लेटफार्म नंबर एक व दो, सर्कुलेटिंग एरिया, आरक्षण केंद्र व पार्सल घर आदि जगहों पर जांच पड़ताल कर यात्रियों से पूछताछ की। जीआरपी प्रभारी ने यात्रियों को बताया कि त्योहारी सीजन में ट्रेन में यात्रा के दौरान सतर्क रहे। विस्फोटक सामग्री लेकर यात्रा न करें और किसी अंजान व्यक्ति से खानपान की वस्तु न लें। साथ ही, स्टेशन परिसर व ट्रेन में यदि कोई लावारिस वस्तु, बैग या बोरी दिखाई दे तो तुरंत जीआरपी, आरपीएफ या रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर सूचना दें। अभियान के समापन पर महिलाओं को रेलवे द्वारा जारी हेल्प लाइन नंबरों की जानकारी दी गई। इसके अलावा यात्रियों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय भी बताए गए। संवाद