चंदौसी। बृहस्पतिवार को चलती ट्रेन से गिरे दंपती को जीआरपी सिपाही ने बचा लिया। प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों ने सिपाही के कार्य की प्रशंसा की। दंपती चंदौसी रेलवे स्टेशन से बरेली के लिए जा रहे थे।
बृहस्पतिवार की सुबह 11 बजे रेलवे स्टेशन चंदौसी पर पूर्णागिरी जनशताब्दी एक्सप्रेस खड़ी थी। भीड़ होने के कारण यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने में परेशानी हो रही थी। तभी प्लेटफॉर्म पर दंपती ने अपने दो बच्चे एक्सप्रेस में चढ़ा दिए लेकिन जैसे ही दोनों पति पत्नी ट्रेन में चढ़ने लगे, इतने में ट्रेन चल दी।
इससे दोनों घबरा गए और पैर फिसलने से दोनों प्लेटफॉर्म पर गिर पड़े। गनीमत रही कि ट्रेन की स्पीड तेज नहीं थी। बड़ा हादसा होने से बच गया। इस दौरान प्लेटफॉर्म पर ड्यूटी कर रहे जीआरपी सिपाही गौरव सिंह ने तुरंत दोनों पति-पत्नी को पीछे की ओर खींच लिया और गार्ड को सूचना देकर ट्रेन को रुकवाया। जिसके बाद दंपती बरेली के लिए रवाना हो गए।