चंदौसी। हरियाणा में रहने के दौरान मामी-भांजे में प्यार हो गया था। लेकिन भांजे ने मंगलवार को कोतवाली क्षेत्र की युवती से शादी कर दी। जानकारी होने पर महिला अपने प्रेमी भांजे के गांव जा पहुंची और हंगामा किया। घटना की सूचना मिलने पुलिस भी पहुंच गई। मगर दुल्हन लेकर घर आया दूल्हा पुलिस को देख फरार हो गया। आरोप लगाने वाली महिला को पुलिस कोतवाली ले आई। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला अपने परिवार व पति के भांजे के साथ रहकर हरियाणा में मजदूरी करती थी। महिला के पति की मौत हो गई। इसके बाद भांजे व मामी के बीच प्रेम प्रसंग हो गया। महिला ने कहा कि उसके बाद उसने युवक के साथ शादी कर ली और उसकी पत्नी बनकर रहने लगी। पिछले दिनों युवक के परिजनों ने उसकी शादी कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला की युवती से तय कर दी।
जानकारी होने पर दो दिन पहले महिला ने कोतवाली में आकर पुलिस से शादी रुकवाने की मांग की। सोमवार को शादी के बाद रात साढ़े सात बजे युवक अपनी दुल्हन को लेकर अपने गांव पहुंच गया। पीछे-पीछे मामी भी गांव पहुंच गई और हंगामा करना शुरू कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी गांव पहुंच गई। पुलिस ने महिला से जानकारी की। पुलिस की सूचना मिलने पर दूल्हा घर से फरार हो गया। पुलिस महिला को कोतवाली ले आई।