बहजोई। ग्राम रोजगार सेवकों की सात दिवसीय कलमबंद हड़ताल सोमवार को समाप्त हो गई। यह हड़ताल जिलाधिकारी के आश्वासन के बाद खत्म की गई है। ग्राम रोजगार सेवक 15 सितंबर से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे।
जिला महामंत्री नवनीत कुमार ने बताया कि ईपीएफ और मानदेय का समय पर भुगतान उनकी मुख्य मांगों में शामिल था। इसके साथ ही ब्लॉक पर तैनात एपीओ के स्थानांतरण की भी मांग की जा रही थी। इन मांगों को लेकर जिले भर के सभी ब्लॉकों में कलमबंद हड़ताल की गई थी। इस दौरान सभी ब्लॉकों में खंड विकास अधिकारियों को ज्ञापन भी दिए गए थे।
सोमवार को ग्राम रोजगार सेवक पंचायत मित्र वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले सैकड़ों ग्राम रोजगार सेवक बहजोई में मां भगवंतपुरवाली देवी मंदिर पार्क में एकत्रित हुए। यहां वक्ताओं ने अपनी समस्याएं रखीं और उनके समाधान की मांग की। इसके बाद पदाधिकारी और ग्राम रोजगार सेवक पैदल मार्च करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे।
उन्होंने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन डिप्टी कलेक्टर अभिमन्यु कुमार को सौंपा। बाद में जिलाधिकारी से मिलकर अपनी मांगें रखीं गईं। जिलाधिकारी ने जल्द समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया, जिसके बाद हड़ताल समाप्त कर दी गई। इस दौरान अवधेश यादव, संजय राघव, सुरेश यादव, नौरंगी, यदुवीर सिंह, पवन यादव, दीपचंद, सुरेश, भाई सिंह और ओमपाल सिंह सहित कई रोजगार सेवक मौजूद रहे।