बाइक की टक्कर से सरकारी स्कूल की रसोइया की मौत, बाइक सवार दो घायल
बहजोई (संभल)। बाइक की टक्कर से परिषदीय विद्यालय में तैनात रसोइया की मौत हो गई। वहीं बाइक सवार भी घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। हादसा गांव बहरौली-ताहरपुर के पास हुआ।
शुक्रवार की दोपहर गांव बहरौली-ताहरपुर के पास बाइक की टक्कर से रसोइया चंद्रवती पत्नी सोनपाल निवासी गांव आर्थल थाना धनारी बुरी तरह घायल हो गईं। वहीं बाइक सवार सतेंद्र पुत्र रमेश व भोले पुत्र श्रीपाल निवासी गांव हिरौनी थाना रजपुरा भी घायल हो गए। सूचना पर पहुंची 108 नंबर एंबुलेंस घायलों को उपचार के लिए सीएचसी लाई। यहां चिकित्साधिकारी डॉ. विरास यादव ने चंद्रवती (51) को मृतक घोषित कर दिया। वहीं बाइक सवार दोनों घायलों का उपचार किया गया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मृतक महिला के बेटे कल्लूराम ने बताया कि उसकी मां चंद्रवती सरकारी स्कूल में रसोइया थीं। वह बैंक में अपनी धनराशि चेक करने गई थीं कि रास्ते में बाइक सवार ने टक्कर मार दी। प्रभारी इंस्पेक्टर पंकज लवानियां ने बताया कि मृतक महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।