संभल। नखासा थाना क्षेत्र के गांव महमूदपुर इम्मा के जंगल में बनी नहर में भरे बारिश के पानी में बृहस्पतिवार की शाम चार बजे करीब युवती का शव मिला है। युवती की हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका है।
युवती की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस शिनाख्त कराने में जुटी है। शव मिलने की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक डा. श्रीश्चंद्र और सीओ असमोली मौके पर पहुंच गए। थाना प्रभारी योगेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर घटनास्थल पर गए थे। करीब 18 वर्षीय युवती के शव को नहर में भरे बारिश के पानी में से बाहर निकलवाया गया है।
युवती ने काले रंग के कपड़े पहन रखे हैं। वहीं लोगों में चर्चा रही कि युवती की हत्या कर शव फेंका गया है। क्योंकि युवती की नाक से खून भी निकल रहा था। बृहस्पतिवार की सुबह में ही शव फेंके जाने की आशंका है। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।