गुरुवार की रात को असमोली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती दूसरे गांव निवासी युवक के घर पहुंच गई। वहां युवक के परिजनों के सामने निकाह करने का प्रस्ताव रख दिया और एक-दूसरे से प्यार करने का हवाला दिया। युवक के परिजनों ने जब युवक का सामना युवती से कराया तो वह निकाह करने से इनकार करने लगा और प्यार का रिश्ता भी नहीं होने की बात कही। इस पर युवती ने कई गंभीर आरोप लगाए और निकाह करने की बात कही। मामला थाने पहुंचा तो पुलिस युवक और युवती को थाने ले आई है।
युवक का कहना है कि वह युवती से प्यार नहीं करता और निकाह भी नहीं करेगा। चाहे जेल जाना पड़े। वहीं युवती के परिजनों ने भी उसको समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह भी मानने को तैयार नहीं है। युवक के परिजनों का कहना है कि उनका बेटा आर्मी की तैयारी कर रहा है। नौकरी के बाद ही शादी करने की बात कहता है। युवती फिलहाल एक निजी स्कूल में शिक्षिका है। थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों में अभी वार्ता चल रही है। तहरीर युवती की ओर से नहीं दी गई है। वह निकाह की जिद कर रही है। यदि समाधान नहीं निकलता है तो तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।