सोमवार की रात युवक गांव निवासी युवती से मिलने के लिए उसके घर पहुंचा था। युवती के परिजनों ने बंधक बना लिया और इस मामले की गांव में पंचायत हुई थी। करीब 20 घंटे तक युवक बंधक बना रहा। मंगलवार को पंचायत में तय हुआ कि युवक का युवती के साथ निकाह कराया जाए। इस पर सहमति बनी और युवती का निकाह करा दिया गया।
इस पंचायत में तय हुआ था कि युवती को युवक के घर दो महीने बाद भेजा जाएगा। इस पर दोनों पक्ष सहमत थे। शनिवार को युवती अचानक से हयातनगर थाने पहुंची और उसने अपने पति के घर जाने की मांग कर दी। इसके बाद दोनों पक्ष के जिम्मेदार लोगों को पुलिस ने बुलाया और आपसी सहमति से विदाई करने पर सहमति बन गई।
थाना प्रभारी संत कुमार सिंह ने बताया कि युवती ने थाने में आकर शिकायत की थी कि उसका निकाह हो गया है और अब वह अपने पति के साथ रहना चाहती है। युवती और युवक के परिजनों को थाने बुलाकर मामले की जानकारी की गई। दोनों पक्षों में सहमति बनी और युवती को पति के साथ भेज दिया गया है।