सौंधन/संभल। बहजोई थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने फंदे से लटक कर आत्महत्या का प्रयास किया है। आसपड़ोस के लोगों ने फंदे से लटका देखा तो आनन-फानन में नीचे उतारा और उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए। जहां हालत गंभीर बनी हुई है। युवती ने यह कदम शादीशुदा अधेड़ व्यक्ति से शादी करने के विरोध में उठाया है। जिसका वह काफी समय से विरोध कर रही है। लेकिन परिजन उसकी बात को मानने के लिए तैयार नहीं हुए। इसलिए उसने फंदे से लटक कर जान देने का प्रयास किया है।
शनिवार को सुबह नौ बजे बहजोई थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने चुनरी से फंदा लगाकर जान देने का प्रयास किया है। यह कदम उसने अधेड़ व्यक्ति से शादी तय होने के विरोध में उठाया है। जिस समय युवती ने चुनरी के फंदे से लटक कर जान देने का प्रयास किया उस समय वह घर पर अकेली थी। इसी दौरान आसपड़ोस की महिलाओं ने फंदे से लटकते हुए देख लिया। और शोर मचाया। जिसे सुनकर आसपास के लोग आ गए।
उन्होंने आनन-फानन में युवती को नीचे उतारा और गांव सौंधन के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों में हड़कंप मच गया। वहीं युवती की हालत गंभीर बनी हुई है।
दरअसल युवती की शादी हयातनगर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति से तय कर दी गई है। जिस व्यक्ति से शादी तय हुई है वह पहले से शादीशुदा है। उसकी पहली पत्नी के कोई संतान नहीं होने पर वह दूसरी शादी करना चाहता है। युवती के परिजनों ने शादी 20 नवंबर को तय कर दी है। इसकी जानकारी युवती को हुई तो उसने विरोध करना शुरू कर दिया। लेकिन परिजन मानने को तैयार नहीं हुए। अब जान देने का प्रयास किया है।