असमोली थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार की दोपहर ऐंचोड़ा कंबोह थाना क्षेत्र के एक गांव के युवक की बरात आई थी। बरात के आने पर स्वागत की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान किसी महिला ने आकर दुल्हन को बताया कि दूल्हे की नाक अच्छी नहीं है। कुछ ही देर में दुल्हन के घर मौजूद लोगों में यह बात चर्चा का विषय बन गई कि दूल्हे की नाक अच्छी नहीं है।
इसी बात पर दुल्हन खफा हो गई और परिजनों से कहा कि वह निकाह नहीं करेगी। परिजनों ने समझाने का प्रयास किया लेकिन दुल्हन निकाह नहीं करने की जिद पर अड़ गई। परिजनों को दुल्हन की बात को मानना पड़ा और दूल्हे पक्ष को बताया कि यह शादी नहीं हो पाएगी।
दूल्हा के परिजनों ने पंचायत कराई। करीब दो घंटे तक गांव के जिम्मेदार लोग दुल्हन को समझाने का प्रयास करते रहे लेकिन बात नहीं बनी। मजबूरन बरात को लौटना पड़ा। यह विवाद उस समय हुआ जब बरातियों ने खाना भी नहीं खाया था। बिना दूल्हन लिए दुल्हे लौटना पड़ा और भूखे बरातियों के जाने की बात कई गांवों में चर्चा का विषय है। असमोली थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि इस मामले की उन्हें कोई जानकारी नहीं है।