बनियाठेर(संभल)। क्षेत्र के गांव प्रहलादपुर में घूमते हुए नौ साल की बालिका मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बालिका को बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया, वहां से उसे बालगृह मुरादाबाद भेज दिया है। बालिका ने बताया कि वह घूमते हुए ट्रेन में बैठ गई थी और यहां पहुंच गई।
रविवार की सुबह करीब नौ बजे गांव प्रहलादपुर में संदिग्ध बालिका घूमती मिली। ग्रामीणों ने इसकी सूचना ग्राम प्रधान को दी। ग्राम प्रधान ने पुलिस को सूचना दी। एसआई नवीन कुमार मौके पर पहुंच गए। बालिका से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसका नाम नाम खुशबू है और हरिद्वार में रहती है। उसकी मां और नानी हरिद्वार में हर की पैड़ी के पास ही रहतीं हैं। लड़की ने अपनी नानी का नाम आरती देवी बताया। वह अपने पिता का नाम नहीं बता पाई। बताया कि उसकी मां व नानी हर की पैडी पर स्नान करने वालों को तिलक लगाते हैं। वह घूमते हुए रेलवे स्टेेशन पहुंच गई और ट्रेन में बैठ गई। उसके उतरने से पहले ही ट्रेन चल पड़ी थी। पुलिस ने बालिका को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया। वहां से उसे बालगृह मुरादाबाद भेज दिया गया है। पुलिस बालिका के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है।