चंदौसी (संभल)। संभल बवाल के चलते चंदौसी में रोका गया अतिक्रमण हटाओ अभियान सोमवार को फिर से शुरू हो गया। पालिका की टीम ने फव्वारा चौक से संभल गेट तक अतिक्रमण चिह्नित कर नामजोख कराई। लोगों ने स्वयं की अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया। मंगलवार को टीम चिह्नित किए गए अतिक्रमण को ध्वस्त कराएगी।
चंदौसी में आठ नवंबर से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है। तहसील रोड से बदायूं चुंगी, पावर हाउस कालोनी मालगोदाम रोड, रेलवे स्टेशन, सुभाष रोड, फव्वारा चौक, गांधी रोड तक अतिक्रमण को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया। 24 नवंबर को संभल में बवाल होने के कारण अभियान रोक दिया था। रविवार को डीएम राजेंद्र पैंसिया ने पालिका अधिकारी व कर्मचारियों के साथ बैठक करने के बाद फव्वारा चौक का निरीक्षण किया और अतिक्रमण अभियान शुरू करने को लेकर ईओ को दिशा निर्देश दिए। सोमवार की सुबह ईओ कृष्ण कुमार सोनकर टीम के साथ सड़क पर उतरे। गांधी पार्क से लेकर फव्वारा चौक, रामस्वरुप रोड, संभल गेट पर फीता डाल कर नपत कराई। अतिक्रमण के दायरे में आ रही दुकानों व मकान स्वामियों को रात तक अतिक्रमण हटाने की नसीहत दी। साथ ही बताया कि मंगलवार से अतिक्रमण को ध्वस्त करने का कार्य किया जाएगा।
सोमवार को गांधी पार्क से फव्वारा, संभल गेट तक नपत करा कर दुकानदारों व मकान स्वामियों से रात तक अतिक्रमण हटाने के लिए कहा गया है। मंगलवार की सुबह से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। -कृष्ण कुमार सोनकर, ईओ चंदौसी