बबराला। पहाड़ों पर हो रही बारिश से गंगा का जलस्तर एक बार फिर से उफान भरने लगा है। नरौरा बैराज से 1.20 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इससे तटीय इलाकों तक पानी पहुंच गया है। कुछ समय पहले बाढ़ की मार झेल चुके किसानों के माथे पर बल पड़ गए हैं। लोगों में दहशत का माहौल है।
नरौरा स्थित चरण सिंह गंगा बैराज पर बुधवार शाम चार बजे जलस्तर खतरे के निशान से नीचे दर्ज किया गया। बैराज पर खतरे का स्तर 178.765 मीटर तय है, जबकि वर्तमान में डाउनस्ट्रीम जलस्तर 178.12 मीटर मापा गया। नरौरा बैराज से 1.20 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इससे बुधवार को अचानक फिर से गंगा का जलस्तर बढ़ गया। गुन्नौर तहसील क्षेत्र के गंगा तटीय बसे गांव में हड़कंप मचा हुआ है, किसान चिंतित हैं। राजघाट गंगा का जलस्तर फिर से बढ़ने से गंगा का पानी घाट की सीढि़यों पर चढ़ने लगा है। दो दिन पहले गंगा का जलस्तर पक्के घाट की सीढ़ियों से लगभग 50 मीटर दूरी पर था लेकिन अब सीढ़ियों पर पानी चल रहा है। बीते एक सप्ताह से पानी का जलस्तर घट रहा था।