राजघाट गंगा तट पर मेले में श्रद्घालुओं की भीड़ का नजारा
- फोटो : ब्यूरो/अमर उजाला संभल
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। गंगा घाट गंगा के जयकारों से गूंज उठा जहां सैकड़ों की संख्या में आए छोटे बड़े वाहनों से पहुंचे श्रद्धालुओं में स्नान को लेकर खासा उत्साह दिखा।
राजघाट गंगा तट कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आस्था का सैलाब उमड़ा। शुक्रवार की शाम से श्रद्धालुओं का पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था जो कि देर रात तक जारी रहा। शनिवार की सुबह चार बजे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाई। सुबह आठ बजे श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा हुआ और सुबह दस बजे भीड़ बढ़ती गई। गंगा के पूरब-पश्चिम दोनों ओर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के स्नान करने का सिलसिला भी जारी रहा। धूप, दीप व आरती के बाद प्रसाद का वितरण किया।इस खास मुहूर्त पर आने वाले श्रद्धालुओं ने पूर्वजों के नाम की भगत बजवाई और मन्नत मांगी।उधर जिला पंचायत द्वारा आयोजित व कार्तिक पूर्णिमा के उपलक्ष्य में लगने वाले तृतीय मिनी कुंभ सिसौना गंगा मेले में शनिवार को करीब चार लाख श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई। मां गंगा की आरती में शामिल होकर अपने परिवार की खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
प्रशासन की ओर से मेले को सफल बनाने के लिए शुक्रवार को पूरी तैयारियां थीं। शनिवार की सुबह श्रद्धालुओं का रैला गंगातट की ओर चल पड़ा। श्रद्धालु अपने-अपने वाहनों पर सवार होकर गंगातट पर पहुंच गए। सर्व प्रथम श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाई। मां गंगा का पूजन कर अपने परिवार की खुशहाली के लिए मन्नतें मांगी। श्रद्धालु भजन कीर्तन करते हुए मां गंगा का गुणगान करते चल रहे थे। श्रद्धालुओं के जयकारों से गंगातट गूंज उठा। श्रद्धालुओं का ये सिलसिला शनिवार शाम तक रहा। मिनी कुंभ में संभल, बदायूं, अमरोहा, बुलंदशहर जनपद के श्रद्धालु भी पहुंचे थे। मेले में लगी दुकानों पर श्रद्धालुओं ने जमकर खरीदारी की और झूले, सर्कस, वेरायटी शो, काला जादू, चरख का जमकर लुत्फ उठाया। श्रद्धालु देरशाम तक मेले में पहुंचते रहे। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम थे। मेला के संबंध में अपर मुख्य अधिकारी महावीर सिंह का कहना है कि मुख्य स्नान शांति पूर्ण रूप से संपन्न हुआ। लगभग चार लाख श्रद्धालुओं ने स्नान किया है।