रजपुरा (संभल)। गुन्नौर तहसील के गांव सिसौना डांडा गंगा घाट पर जिला पंचायत की ओर से लगने वाले मेला में तंबुओं का शहर बस गया है। अस्पताल से लेकर कोतवाली की स्थापना के साथ ही देश के प्रमुख मंदिरों के मॉडल भी तैयार हो रहे हैं। मंदिर का मॉडल तैयार कर रहे कारीगरों का कहना है कि शनिवार शाम तक मंदिर मॉडल तैयार कर दिए जाएंगे। इसके बाद श्रद्धालू इनके दर्शन कर सकेंगे।
दूसरी ओर, गंगा में स्नान घाट बनाने के लिए पानी का सर्वे पूरा किया गया है। जहां गहराई है, वहां मेला प्रशासन पहले ही बेरिकेडिंग कराकर पुलिस तैनात करने की तैयारी में है। शुक्रवार को सड़क निर्माण से लेकर वीवीआईपी गेस्ट हाउस, जिला पंचायत अध्यक्ष का निवास और उच्च अधिकारियों के तंबुओं तैयार किए गए। डीएम डॉ.राजेंद्र पैंसिया ने बताया कि मेला परिसर में लगने वाली प्रदर्शनी में गंगा किनारे खेती करने वाले किसानों को जैविक खेती के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया जाएगा। अधिक से अधिक किसानों को जैविक खेती से होने वाले लाभ और केमिकल युक्त खेती के दुष्प्रभावों को समझाने के लिए कृषि विभाग को निर्देशित किया गया है।
संभल कर रहे, वर्ना मजनू पिजड़े में हो सकते हैं बंद
गवां। मेला परिसर में मेला कोतवाली के इंस्पेक्टर अमरपाल सिंह ने बताया कि मेला परिसर में मजनूओं के लिए पिजड़ा लगाने की तैयारी की गई है। यदि कोई भी असामाजिक तत्व महिलाओं पर छेड़छाड़ या उनको देखकर किसी तरह के कमेंट्स करता है तो उसको पकड़कर उसमें बंद किया जाएगा। (संवाद)