रजपुरा (संभल)। गांव सिसौना डांडा में गंगा मेले का श्रीगणेश बुधवार को 51 लीटर दूध से अभिषेक कर होगा। जिला पंचायत अध्यक्ष डाॅ. अनामिका यादव सुबह दस बजे श्री हरि बाबा बांध धाम से झंडी उठाकर मेला परिसर पहुंचेंगी। जहां झंडी की स्थापना कर विधिवत पूजा अर्चना के साथ कार्यक्रम होंगे।
गंगा मेले के उद्घाटन पर सबसे पहले सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। क्षेत्रीय विद्यालयों के विद्यार्थी स्वागत गीत प्रस्तुत करेंगे। साथ ही समाज में जागरूकता लाने के लिए नाटकों का मंचन किया जाएगा। आर्य समाज के ज्योतिवशु आर्य ने बताया मेला में आर्य समाज का कैंप लगाया जाएगा। जिसमें आर्य समाज के ज्ञाताओं द्वारा धर्म के प्रति जागरूकता की चेतना को जगाने का काम किया जाएगा। इस दौरान योगाभ्यास शिविर का भी आयोजन होगा। मालूम हो कि सुरक्षा की दृष्टि से मेले को आठ सेक्टर में बांटा गया है। वहीं, 200 से अधिक पुलिस कर्मी लगाए गए हैं। सीडीओ गोरखनाथ भट्ट ने बताया कि बुधवार, बृहस्पतिवार और शुक्रवार को मेला रहेगा। इस दौरान तमाम व्यवस्थाओं को दुरूस्त किया गया है। जिससे श्रद्धालुओं को कोई दिक्कत का सामना न करना पड़े। गंगा में पीएसी के जवान गश्त पर रहेंगे। जिससे किसी श्रद्धालु के साथ स्नान करते समय अनहोनी न हो।
यह रहेगा आज का मुख्य कार्यक्रम
सुबह 10 बजे, झंडी पूजन
11 बजे, दुग्धाभिषेक
दोपहर 12 बजे, सांस्कृतिक कार्यक्रम
शाम पांच बजे, गंगा आरती