फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अहरोला नवाबाद में सामने आया चकबंदी फर्जीवाड़ा

Fri, 06 Jul 2018 02:06 AM IST
ब्यूरो / अमर उजाला, संभल
विज्ञापन
demo pic
विज्ञापन
गंगा किनारे स्थित करोड़ों रुपये की जमीन को कुछ लोगों के नाम करने के लिए गुन्नौर तहसील में फर्जीवाड़ा हुआ। अब तक सुखेला में 1900 बीघा जमीन कुछ लोगों के नाम फर्जी तरीके से अभिलेखों में दर्ज किए जाने का घोटाला पकड़ा जा चुका है। अब एक और गांव अहरोला नवाबाद में ग्राम समाज की खेती योग्य भूमि को फर्जी तरीके से कुछ लोगों के नाम चढ़ाए जाने का प्रकरण सामने आ रहा है।
विज्ञापन



विभागीय स्तर पर इसकी जांच शुरू हो चुकी है। अब राजस्व और चकबंदी विभाग के अधिकारी संयुक्त जांच करेंगे। प्राथमिक जांच में अब तक 19 हेक्टेयर जमीन का फर्जीवाड़ा किए जाने की बात प्राथमिक जांच में सामने आ चुकी है।    

जून 2018 में जमीनों का फर्जीवाड़ा तब सामने आया जब सुखेला गांव से चकबंदी के दौरान अचानक भू-अभिलेखों का बस्ता गायब कर दिया गया। बस्ता दो दिन बाद आया तो शक के आधार पर छानबीन हुई। छानबीन में गंगा किनारे की जमीनों को फर्जी प्रविष्टि के आधार पर कुछ लोगों के नाम दर्ज किए जाने का फर्जीवाड़ा सामने आया। जिलाधिकारी आनंद कुमार सिंह ने जांच टीम गठित की। जांच टीम ने पुष्टि की है कि 55 लोगों के नाम पर करीब 1900 बीघा जमीन फर्जी तरीके से चढ़ाई गई है। मौजूदा दाम के हिसाब से इसकी कीमत करोड़ों में है।
विज्ञापन



सुखेला में जमीनों का फर्जीवाड़ा करने पर एक एसीओ, एक लेखपाल और तीन चपरासी कार्रवाई के घेरे में हैं। विभागीय स्तर से इन कर्मचारियों के खिलाफ आरोप पत्र तैयार किया जा रहा है। आरोप पत्र तैयार होते ही निलंबन की कार्रवाई होगी। इसके बाद फर्जीवाड़ा करने वाले कर्मचारियों और फर्जीवाड़े से जमीन को अपने नाम कराने वाले 55 लोगों के खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।

प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस विवेचना करेगी और इसके साथ विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया भी जारी रहेगी। जिन लोगों के नाम पर चकबंदी विभाग ने फर्जीवाड़ा करके चढ़ाई है क्या वे लोग वास्तव में उसी नाम पते पर हैं जो अभिलेखों में दर्ज हैं? इस बारे में विभागीय जांच अभी कुछ नहीं बोल रही। पर सुखेला से जो सूचना मिल रही है, उसके हिसाब से कुछ लोग हैं, कुछ लोग नहीं हैं।


कुछ नाम व पते काल्पनिक भी हो सकते हैं। एक-दो मामले ऐसे लोगों के भी हैं जिन्होंने अपने नाम फर्जी प्रविष्टि से आई जमीन को किसी और व्यक्ति के नाम बेच दिया है। इस पूरे फर्जीवाड़े की तह तभी खुलेगी जब लंबी विवेचना हो। जिलाधिकारी आनंद कुमार सिंह ने फर्जीवाड़े पर प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश चकबंदी विभाग को जारी किए हैं। साथ ही अहरोला नवाबाद में 19 हेक्टेयर जमीन के फर्जीवाड़े पर एसडीएम और एसओसी को संयुक्त जांच के आदेश दिए गए हैं। इस बीच गुन्नौर तहसील के गांव सुखेला की 1900 बीघा जमीन को ग्राम समाज के नाम दर्ज कर दिया गया है। 
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें