घर से 16 दिन पूर्व फैक्टरी में काम करने गया किशोर वापस नहीं आया है। किशोर की मां ने किशोर के दोस्त और उसकी मां व दो अज्ञात पर बेटे के अपहरण का आरोप लगाया है। पुलिस ने पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मां-बेटे व दो अज्ञात के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस अपहृत किशोर की बरामदगी के प्रयास में जुट गई है।
कोतवाली क्षेत्र की दुर्गा धाम कॉलोनी निवासी ममता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका पुत्र 16 वर्षीय पुत्र नितिन उर्फ प्रिंस राघव मुरादाबाद-आगरा हाईवे के टी-प्वाइंट स्थित एक फैक्टरी में काम करता है। तीन अक्तूबर सुबह सात बजे उनका पुत्र अपने दोस्त सोनू निवासी वीरसावरकर कॉलोनी के साथ फैक्टरी में काम करने गया था। पर देर शाम तक नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। परिजनों ने परिचित व रिश्तेदारों के घर जानकारी की। नितिन का कोई पता नहीं लगा।
इसके बाद महिला ने अपने बेटे के दोस्त सोनू से जानकारी की। उसने भी अनभिज्ञता व्यक्त की। पुलिस से शिकायत करने की बात कहने पर 12 अक्तूबर को आरोपी सोनू, उसकी मां व दो अज्ञात लोग घर पहुंचे। कहा हमने तेरे बेटे का अपहरण कर लिया है। अगर तूने पुलिस से अथवा अन्य कही शिकायत की तो तेरे बेटे को जान से मार देंगे और तेरा अपहरण करके तुझे भी मार देंगे। शोरशराबा सुनकर आसपास के लोग भी आ गए। भीड़ लगने पर आरोपी शाम तक बेटे के घर पहुंचने की बात कहकर चले गए। पर अभी तक उसका बेटा घर नहीं लौटा है। पुलिस ने पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पीड़िता ममता की तहरीर पर बेटे के दोस्त सोनू, उसकी मां व दो अज्ञात के खिलाफ अपहरण व घर में घुसकर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सीओ से लगाई परिजनों ने गुहार
दुर्गा धाम कॉलोनी निवासी किशोर नितिन उर्फ प्रिंस राघव के परिजन बुधवार को पूर्व भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष विशाल चौहान के नेतृत्व में प्रशिक्षु सीओ दीपक कुमार से मिले। कहा कि पिछले 16 दिन से आरोपियों ने किशोर का अपहरण कर किया हुआ है। इसके बाद भी पुलिस ने अपने कार्य में तत्परता नहीं दिखाई और न ही रिपोर्ट दर्ज की। कोतवाली पुलिस ने पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर रिपोर्ट दर्ज की है। मगर इसके बाद पुलिस ने अभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया है। परिजनों से शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर किशोर की बरामदगी की मांग की। संवाद
काम पर गया किशोर घर नहीं लौटा है। उसकी मां ने थाने पर दोस्त पर अपहरण का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्द से जल्द किशोर को बरामद करने का प्रयास किया जाएगा। -दिनेश कुमार, सीओ चंदौसी