शुक्रवार दोपहर 12.30 बजे के बाद से ही जामा मस्जिद में लोग नमाज पढ़ने पहुंचने शुरू हो गए थे। 1.40 बजे नमाज अदा की गई। बड़ी संख्या में लोग नमाज पढ़ने के लिए पहुंचे। मस्जिद के रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई थी। जिससे कोई वाहन मस्जिद के पास न पहुंचे। लोग बैरिकेडिंग से पैदल ही मस्जिद तक पहुंचे। बैरिकेडिंग तक पुलिस का पहरा रहा। एसपी ने बताया कि सुरक्षा तीन घेरों में लगाई गई थी। जिस सड़क से उपद्रवी जामा मस्जिद के पास तक पहुंचे थे। उस सड़क पर भी बैरिकेडिंग कर फोर्स को तैनात किया गया। मस्जिद के पास ड्रोन से निगरानी कराई गई। एसपी ने बताया कि जुमे की नमाज शांतिपूर्ण तरीके से अदा की गई है। सुरक्षा के लिए रेंज के सभी जिलों से आई फोर्स के साथ पीएसी, आरआरएफ और आरएएफ के जवान तैनात किए गए। इसके अलावा मजिस्ट्रेट व पुलिस के अधिकारी निगरानी पर रहे।
उलमा की अपील का दिखा असर, कम संख्या में नमाज पढ़ने पहुंचे लोग
जामा मस्जिद सर्वे के दौरान हुए बवाल के बाद से पुलिस-प्रशासन अलर्ट है। एहतियाती तौर पर सुरक्षा व्यवस्था बनाई हुई है। उलमा का भी पुलिस प्रशासन सहयोग ले रहा है। बृहस्पतिवार को उलमा के साथ अमन कमेटी में अधिकारियों ने आग्रह किया था कि जो लोग जिस इलाके से हैं वह क्षेत्र की मस्जिद में ही नमाज अदा करें। जामा मस्जिद पर वही लोग पहुंचे जो आसपास के रहने वाले हैं। इसका असर जुमे की नमाज के दौरान दिखाई भी दिया। नमाज पढ़ने लोग कम संख्या में पहुंचे। आमतौर पर पांच से छह हजार लोग जामा मस्जिद में नमाज अदा करते हैं, शुक्रवार को पिछले जुमे से कुछ ज्यादा लोग ही पहुंचे।
तीनों रास्तों से नमाजियों को मिला प्रवेश
मस्जिद के तीन रास्ते हैं। इन तीनों रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई। वाहन तो कोई लेकर नहीं पहुंचा लेकिन पैदल जाने के लिए रास्ता खुला रहा। सुरक्षा के लिए पुलिस भी तैनात रही। तीनों ही रास्तों से लोग जामा मस्जिद तक पहुंचे। जो लोग वाहन लेकर आए थे उन्होंने जामा मस्जिद से काफी दूर वाहन खड़ा किया।
जुमे की नमाज और छह दिसंबर को लेकर एहतियाती तौर पर चौकसी बरती गई है। जुमा नमाज शांतिपूर्ण अदा की गई। लोगों से शांति बनाए रखने और पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
- डॉ. राजेंद्र पैंसिया, डीएम
एहतियाती तौर पर शहर में फोर्स तैनात रही। जुमे की नमाज शांतिपूर्ण अदा की गई है। ड्रोन से भी निगरानी कराई गई। बैरिकेडिंग भी की गई। अभी एहतियाती तौर पर सतर्कता बरती जाएगी। शहर का माहौल शांतिपूर्ण बना हुआ है।
- कृष्ण कुमार विश्नोई, एसपी