रजपुरा क्षेत्र के गांव परतापुर निवासी कैलाश के ढाई साल के बेटे केशव की नाले में गिरकर मौत हो गई। केशव खेलत समय घर के पास ही खोदे जा रहे कच्चे नाले में गिर गया था। तलाश करते परिजन नाले के पहुंचे और बच्चे को बाहर निकाला। लेकिन, तब तक बच्चे की मौत हो चुकी थी।
मां प्रेमवती ने रोते हुए बताया कि केशव उनका इकलौता बेटा था। उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह आठ बजे के करीब केशव खेलते-खेलते घर से बाहर चला गया और घर के बाहर खोदे जा रहे नाले में गिर गया और उसमें बने कीचड़ में फंस गया।
विज्ञापन
काफी देर तक केशव के न आने पर उसने परिजनों के साथ बेटे की तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। इस पर सभी केशव को तलाशते हुए नाले के पास पहुंचे तो केशव नाले में उल्टे मुंह पड़ा था। करीब दस बजे परिजन ने बच्चे को नाले से निकाला और आनन-फानन में लेकर डॉक्टर के पास पहुंचे। लेकिन, डॉक्टर ने बालक को मृत घोषित कर दिया। केशव की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। हालांकि, परिजनों ने बिना किसी कार्रवाई शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
अमरोहा जिले के गांव मलिकपुर निवासी कैलाश पिछले कुछ वर्ष से रजपुरा क्षेत्र के गांव परतापुर स्थित ससुराल में रह रहा था। प्रेेमवती की कैलाश के साथ यह दूसरी शादी है। कैलाश के भाई की शादी के कुछ माह बाद ही मौत हो गई थी। इसके बाद कैलाश का विवाह प्रेमवती से कराया गया था।