एंबुलेंस पर नौकरी लगवाने के नाम पर मुरादाबाद में 38 युवाओं से करीब 30 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। ठगी का शिकार हुए युवकों में संभल जिले के 27 और अमरोहा के 11 युवक शामिल हैं। पीड़ितों ने संयुक्त रूप से मुरादाबाद के पाकवड़ा थाने में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
एंबुलेंस 108 और 102 पर नौकरी दिलाने के नाम पर शातिरों ने संभल और अमरोहा जिले के बेरोजगारों से लाखों ठग लिए। संभल जिले के अकरौली गांव निवासी यशवीर पुत्र जगतपाल, पवन कुमार पुत्र राजपाल, इमरान पुत्र नबीजान, दिनेश यादव पुत्र मोहन सिंह, प्रेमपाल पुत्र राजेंद्र सिंह, सूरजपाल पुत्र श्योराज सिंह, संजीव पुत्र नेतराम, दिनेश पुत्र विजयपाल, भवन गांव के सचिन देव पुत्र सुरेश, चंदनकटी गांव के राजेश यादव पुत्र भारत सिंह, भोना नगला निवासी अनुपम यादव पुत्र श्रीपाल यादव, बझेड़ा निवासी सत्यवीर सहित 27 बेरोजगार युवकों ने बताया कि मुरादाबाद के एक युवक का किसौली गांव में ननिहाल है।
आरोप है उक्त युवक ने गांव आकर युवकों को एबुलेंस-108 और 102 पर चालक और ईएमटी (इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन) की सरकारी नौकरी दिलाने की बात रखी। भरोसा दिलाने के कुछ अधिकारियों से बातचीत भी कराई। इसके बाद प्रति युवक 80 हजार रुपये तय करके सभी युवकों के आवेदन भरवाए और युवकों से रकम ले ली। इतना ही नहीं आवेदकों की नौ सितंबर से 13 सितंबर तक लखनऊ में ट्रेनिंग भी कराई गई। सभी को एंबुलेंस सेवा संचालित करने वाली जीवीके कंपनी से प्रमाण पत्र भी लाकर दिए। लेकिन इसके बाद भी नौकरी नहीं मिली।
इन्हीं युवकों को देखकर अमरोहा जिले के भी 11 युवकों ने रकम देकर आवेदन कर दिए। लेकिन किसी को नौकरी नहीं मिली। युवकों ने रकम वापस मांगी तो आरोपी टालमटोल करने लगा। सूरजपाल ने बताया कि सभी युवकों ने संयुक्त रूप से पाकवड़ा थाने में तहरीर दी है।
पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा भी है लेकिन रकम वापस नहीं दिलाई है। आरोप है कि पुलिस आरोपी के खिलाफ कार्रवाई भकुल 38 युवकों से करीब 30 लाख रुपये से अधिक धनराशि वसूल कर ली गई है। रविवार को संभल जिले के ठगी के शिकार हुए युवक भाजपा नेता विरलेश यादव से मिले। उन्होंने युवकों का सहयोग करने का भरोसा दिया है।