रियल एस्टेट के क्षेत्र में काम कर ही एक कंपनी ने करीब एक हजार खाताधारकों के 45 लाख रुपये हड़प लिए। मामले में कंपनी के ही एक कर्मचारी ने कंपनी के चेयरमैन, डायरेक्टर और शाखा प्रबंधक के खिलाफ धोखाधड़ी, मारपीट व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
हेरीटेज कारपोरेशन इंडिया लिमिटेड मुरादाबाद के कांशीराम नगर निवासी राजेंद्र सैनी पुत्र उत्तम सैनी एक रियल एस्टेट कंपनी का संचलान करते हैं। कंपनी तीन से पांच साल के फिक्स डिपॉजिट कराने का काम करती है। इसमें रामपुर उर्फ यारपुर निवासी गोपाल सैनी पुत्र कैलाश सैनी फील्ड कर्मचारी के तौर पर कार्यरत था।
कर्मचारी ने संभल कोतवाली में बृहस्पतिवार की रात दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वर्ष 2012 में राजेंद्र सैनी ने स्वयं को कंपनी का चेयरमैन तथा इनके साथ मौजूद आशीष ने संभल शाखा का मैनेजर बताते हुए उसे 15000 रुपये प्रतिमाह की नौकरी पर रखा था। उसको राशि जमा कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
गोपाल सैनी के मुताबिक उसने करीब एक हजार खाताधारकों से 45 लाख रुपये मुरादाबाद, कांठ, नगला गांव आदि के लोगों से फिक्स डिपाजिट के तौर पर जमा कराए। अब जब जमा धारक रुपये मांगते हैं तो कंपनी के चेयरमैन और शाखा प्रबंधक दोनों धमकाते हैं और जान से मारने की धमकी देते हैं।
कर्मचारी ने इस मामले में कंपनी के चेयरमैन राजेंद्र सैनी व उनकी पत्नी और डायरेक्टर मायावती तथा कंपनी की संभल शाखा के प्रबंधक आशीष पुत्र शिवचरन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
लोगों के साथ धोखाधड़ी का मामला है प्रारंभिक जांच के बाद कोतवाली संभल में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। विवेचना में सच्चाई सामने आएगी। रुपये जमा कराने वालों से साक्ष्य लिए जाएंगे। इसके बाद कंपनी के संचालकों के खिलाफ कार्रवाई होगी। - कमलेश दीक्षित, अपर पुलिस अधीक्षक।