संभल। निबौरा गांव के एक मोहल्ले में चार साल पूर्व लोगों के घरों तक बिजली पहुंचाने के लिए घर-घर मीटर लगाए गए। लेकिन अब तक आपूर्ति नहीं मिल पाई। इससे आक्रोशित लोगों ने विरोध प्रदर्शन कर आपूर्ति की मांग की। वहीं, चंदौसी के एसडीओ देहात पंकज कुमार का कहना है कि गांव के लोगों ने ही गांव में विद्युत ट्रांसफार्मर रखने का विरोध करते हुए आपूर्ति नहीं होने दी थी। इस कारण सप्लाई नहीं मिल सकी। यदि अब ग्रामीण राजी हैं तो आपूर्ति शुरू करा दी जाएगी।
संभल तहसील क्षेत्र के गांव निबौरा में चार साल पहले विद्युत विभाग ने पोल, तार, ट्रांसफार्मर लगा कर लोगों के घरों में मीटर लगा दिए गए लेकिन करंट नहीं दौड़ाया गया। कई घर ऐसे हैं, जहां बिना विद्युत आपूर्ति हुई नहीं अलबत्ता उनको बिजली का बिल दे दिया गया। विभाग की इस हरकत से ग्रामीण आक्रोशित हैं।
विरोध प्रदर्शन कर ग्रामीणों ने समस्या के समाधान की मांग उठाई है। प्रदर्शन करने वालों में इरफान, विपिन, रंजीत, शकील, तेजपाल, मुस्तफा, जगदीश, हरवेश, गनपत, सुनील, धीरेंद्र, वीरेश, होराम आदि मौजूद रहे।