संभल। नखासा थाना पुलिस ने घुमंतू गोवंशीय पशुओं की हत्या करने की साजिश कर रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में स्वीकार किया है कि वह घुमंतू गोवंशीय पशुओं की हत्या कर मांस बेच देते। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पशु हत्या किए जाने के लिए इस्तेमाल होने वाले उपकरण व अन्य सामान भी बरामद किया है। रविवार की देर रात पुलिस को सूचना मिली कि गांव मिठौली रेलवे क्रासिंग के पास बाग में चार पशु तस्कर मौजूद हैं। यह तस्कर घुमंतू पशुओं की हत्या करने की साजिश कर रहे हैं। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने मौके पर दबिश दी। आरोपी भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान सिरसी के सादक सराय निवासी शाहनाबाज, अरबाज कुरैशी, मुरादाबाद के थाना मझोला अंतर्गत जयंतीपुर मोहल्ला मियां कालोनी मोनिस कुरैशी और हैदर अली के रूप में पहचान कराई। नखासा थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मपाल सिंह ने बताया कि आरोपी घुमंतू पशुओं की हत्या करने की साजिश करते पकड़े गए हैं। उपकरण भी बरामद किए गए हैं। रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेजा गया है।