बबराला। मोहल्ला साहूकारा में गिरा निर्माणाधीन मकान बिना नक्शा पास कराए चार मंजिल बनाया जा रहा था। पड़ोसी राजेंद्र प्रसाद व मुकेश ने इस मामले की शिकायत नगर पंचायत ईओ से भी की थी। पर किसी भी जिम्मेदार ने शिकायत पर ध्यान नहीं दिया।
पड़ोस निवासी मुकेश का आरोप है कि कृष्ण मुरारी के मकान की जगह कम थी। उसमें चार मंजिला बिल्डिंग बनना संभव नहीं था। उनके मकान के दाई साइड में उनके मकान तक जाने के लिए निजी गली है और गली के ऊपर लिंटर डाल रखा था। जब कृष्ण मुरारी मकान बनवा रहे थे, तो उनसे मना किया था, पर वह नहीं माने थे। इस मामले की शिकायत 27 फरवरी 2023 को ईओ नगर पंचायत बबराला से की थी। आरोप है कि कृष्ण मुरारी ने कोई नक्शा भी पास नहीं कराया है। नक्शे के मुताबिक चार मंजिल मकान नहीं बनाया जा सकता है। शिकायत के बाद भी अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया और हादसा हो गया है। हादसे के लिए नगर पंचायत प्रशासन भी जिम्मेदार है।