सरायतरीन। पवांसा ब्लॉक क्षेत्र के गांव लहरशीश के जंगल में शनिवार दोपहर 1:30 बजे हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी से किसान की चार बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। किसानों ने लापरवाही का आरोप लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। लेखपाल ने रिपोर्ट बनाकर तहसील प्रशासन को सौंपी है।
गांव लहरशीश के निवासी हेमराज सिंह ने बताया कि शनिवार की दोपहर 1:15 बजे गेहूं की कटाई करके वापस परिवार के साथ घर चले गए थे। करीब 1:30 बजे खेत के नजदीक से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चिंगारी सात बीघा गेहूं की फसल में गिर गई। इससे आग लग गई। बमुश्किल आधा घंटे में आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पांच बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।
चंदौसी के एक्सईएन दिनेश कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी नहीं है। यदि इस तरीके की घटना हुई है तो किसान के द्वारा शिकायतीपत्र मिलने के बाद मुआवजे की कार्यवाही की जाएगी। किसानों की गेहूं की फसल को लेकर दिन में बिजली सप्लाई नहीं चलाने के पहले ही निर्देश दिए गए हैं। यदि फिर भी कहीं आपूर्ति हो रही है तो जांच कराएंगे।