क्षेत्र में वर्षों पुरानी बंद पड़ी कुइया की ईंट निकालते समय मिट्टी की ढांग गिरने से किसान की मौत हो गई। किसान की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद किसान का शव बीस फिट गहरी कुइया से निकाला गया।
यह हादसा रजपुरा थाने के ग्राम ईशापुर का है। यहां के रहने वाले किसान ओमपाल (35) का खेत गांव की आबादी से दक्षिण दिशा में 100 मीटर की दूरी पर है। शुक्रवार की दोपहर खेत की खराब पड़ी कुइयां से ओमपाल अपने परिवार के साथ ईंट निकाल रहा था। ओमपाल तली पर था। इसी बीच दोपहर करीब एक बजे कुइया में मिट्टी की ढांग गिरते ही ओमपाल दब गया।
शोर मचाते हुए ओमपाल के परिजनों ने ग्रामीणों को खबर दी। हड़कंप मच गया। कुछ ही क्षण में पूरा गांव जुट गया। खुदाई कर उसे निकालने के प्रयास शुरू हो गए। शुरुआत में ग्रामीणों ने फावड़े व कुदाले की मदद से काम शुरू किया। हालांकि बाद में जेसीबी मशीन के साथ एंबुलेंस भी पहुंच गई। सूचना पाकर एसओ राजकुमार सिंह व 100-डॉयल की दो गाड़ी मौके पर पहुंच गईं।
कड़ी मशक्कत के बाद लगभग बीस फीट गहरी कुइया की आधी से ज्यादा खुदाई होने पर उसमें दबे खेत स्वामी ओमपाल की गर्दन दिखाई पड़ी। ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और धीरे-धीरे ओमपाल को बाहर निकाला, लेकिन ओमपाल को होश नहीं था। करीब तीन घंटे ओमपाल बीस फीट गहरी मिट्टी में दबा रहा।
आनन-फानन में ओमपाल को रजपुरा सीएचसी में प्राथमिक उपचार के लिए लाया गया। सीएचसी में डॉक्टरों ने ओमपाल को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद ओमपाल की परिवार में चीखपुकार मच गई। एसओ राजकुमार सिंह ने बताया कि पुरानी कुइया र्से इंट निकालते समय मिट्टी की ढांग में किसान की दबने से मौत हुई है। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उसको मिट्टी से निकाला गया था।