गजरौला। बाइक सवार नकाबपोश युवकों ने वन दरोगा को लाठी-डंडों से मारपीट कर घायल कर दिया। घटना की जानकारी पाकर हसनपुर रेंजर व अन्य स्टाफ मौके पर पहुंचा। बाद में थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने उपचार के लिए वन दरोगा को सीएचसी भेजा।
हसनपुर रेंज के वन दरोगा राजवीर सिंह यादव रविवार दोपहर एक बजे बाइक से थाना क्षेत्र के गांव खुंगावली से ख्यालीपुर पौधशाला जा रहे थे। वह पौधशाला मार्ग पर करीब 20 मीटर ही आगे बढ़े तभी वहां पहले से ही खड़े नकाबपोश चार युवकों ने उन पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। हमले में वह घायल हो गए। मारपीट करते हुए आरोपी नकाबपोश वन दरोगा की बाइक की चाबी निकालकर खेत में फेंक गए।
घायल वन दरोगा ने फोन कर अपने साथ हुई घटना की सूचना आला अफसरों को दी। सूचना पाकर हसनपुर रेंजर नरेश कुमार, सुमित राठी व अन्य स्टाफ मौके पर पहुंचा और जानकारी ली। इसके बाद थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। पुलिस ने घायल वन दरोगा को उपचार के लिए सीएचसी भेजा। सीओ श्वेताभ भास्कर ने बताया तहरीर मिल गई है। जांच कर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।