सिरसी। जवाहरलाल मेमोरियल इंटर काॅलेज के मैदान पर चल रहे फुटबाल टूर्नामेंट में मंगलवार को दो मैच खेले गए। पहला मैच सिरसी स्पोर्टिंग और बहजोई की टीम के बीच खेला गया। जिसमें सिरसी स्पोर्टिंग ने मुगीस असलम की हैट्रिक की मदद से बहजोई को 5-0 से हराकर अगले मुकाबले में जगह बनाई।
पहले हाफ में सिरसी स्पोर्टिंग ने दो गोल किए। दूसरे हाफ में सिरसी स्पोर्टिंग के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल बनाकर तीन गोल करते हुए बहजोई को 5-0 से हरा दिया। सिरसी स्पोर्टिंग की ओर से मुगीस असलम ने चार गोल किए। एक गोल शादाब ने किया।
वहीं दूसरा मैच मॉर्निंग क्लब सिरसी और इलाही क्लब सिरसी के बीच खेला गया। जिसमें इलाही क्लब ने मॉर्निंग क्लब को 5-0 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई। इलाही क्लब ने पहले हाफ में ही चार गोल करके बढ़त बना ली थी, दूसरे हाफ में मॉर्निंग क्लब ने गोल करने के कई प्रयास किए लेकिन इलाही क्लब के गोल कीपर ने अच्छा बचाव करते हुए उनके गोल करने के प्रयास विफल कर दिए। इलाही क्लब की ओर से मोहम्मद फुरकान ने तीन गोल किए। एक गोल इकबाल ने किया, जबकि पांचवां गोल मॉर्निंग क्लब के खिलाड़ी ने अपने गोलपोस्ट में ही कर दिया था।
टूर्नामेंट में रेफरी की भूमिका फरहान रजा और सामिन रजा ने निभाई। कमेंट्री नवाब हैदर ने की। इस दौरान कोच नादिर रजा, मोहम्मद अब्बास वसीम हैदर, आशिक अब्बास आदि रहे।