चंदौसी। एडी हेल्थ डॉ. रितु कटियार बृहस्पतिवार को सीएचसी का औचक निरीक्षण करने के लिए पहुंचीं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने इमरजेंसी रूम, उपस्थिति रजिस्टर व मरीजों से बातचीत कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान कोल्ड रूम में अव्यवस्थाएं और दवाओं की ऑनलाइन फीडिंग न किए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की।
एडी हेल्थ ने इमरजेंसी रूम, मरीज वार्ड, उपस्थिति रजिस्टर आदि को देखा। इसके बाद वह दवा भंडार कक्ष गईं। जहां उन्होंने दवाइयों की ऑनलाइन फीडिंग न किए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। यहां से उन्होंने कोल्ड रूम में जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जहां कोल्ड रूम पर आयुष्मान कक्ष लिखा देख उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। साथ ही कोल्ड रूम में थर्मामीटर सहित अन्य बेसिक उपकरण न पाए जाने पर उन्होंने संबंधित को फटकार लगाई। इसके बाद उन्होंने मैटरनिटी विंग पहुंचकर प्रसव कक्ष और ओटी की स्थिति देखी। जहां उन्होंने प्रसूताओं से बातचीत कर उन्हें अस्पताल की ओर से मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों और कर्मचारियों को साफ सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।