संभल/सौंधन। होली पर्व के उपलक्ष्य में रायसत्ती और सौंधन में बृहस्पतिवार को ध्वजा मेला लगा। इनमें श्रद्घालुओं का सैलाब उमड़ा। चाट, पकौड़ी, सौंदर्य प्रसाधन की दुकानों पर भीड़ रही। महिलाओं ने खरीदारी की और युवा वर्ग व बच्चों ने झूलों का आनंद लिया। मेले में ढोल व बाजों के साथ गांव देहात के लोग नाचते गाते पहुंचे। चौपाइयों की भी धूम रही। सिहावली खरसफा स्थित में थानसिह बाबरे बाबा मंदिर पर पर लगे ध्वजा मेला में भारी भीड़ रही। बाहर से आए लोगों ने अपने बच्चों का मुंडन संस्कार कराया। मेले में घोड़ों की दौड़ भी आकर्षण का केंद्र रही। सुरक्षा की दृष्टि से मेले में भारी पुलिस बल तैनात रहा। श्रद्घालुओं ने प्रसाद चढ़ाया और अपने बच्चों का मुंडन कान छेदन कराया। बच्चों ने खेल-खिलौने खरीदे। सुरक्षा की दृष्टि से मेले में भारी पुलिस बल तैनात रहा।
मेले में हर वर्ष लगने वाले राजनीतिक पार्टी के मंच इस बार नहीं लगे। मंच पर होली मिलन का कार्यक्रम होता था, वह भी नहीं हो सका। दरअसल, प्रशासन ने मेले की शांति व्यवस्था के लिए अबकी बार किसी भी पार्टी के नेताओं को मंदिर में मंच लगाने की अनुमति नहीं दी थी। भाजपा के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी परमेश्वर लाल सैनी, पश्चिम उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश सिंघल, पूर्व प्रत्याशी असमोली विधानसभा हरेंद्र चौधरी, ह्रदेश यादव आदि भाजपाई भी दोपहर बाद पहुंचे। उन्होंने मंदिर पर प्रसाद चढ़ाया और मत्था टेका तथा उसके बाद मंदिर से वापस आ गए।