चंदौसी (संभल)। कोतवाली क्षेत्र के हनुमानगढ़ी निवासी प्रीति की हत्या करने वाले आरोपी आकाश को पुलिस ने जेल भेज दिया है। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में कबूल किया है कि वह प्रीति की शादी होने से खफा था। इसी कारण उसने हत्या कर दी क्योंकि शादी के बाद प्रीति से उससे बात नहीं करना चाहती थी।
पन्नालाल कोरी की बेटी प्रीति 29 मई की सुबह करीब 11 बजे घर से निकली थी। शुक्रवार को बनियाठेर थाना क्षेत्र के गांव अल्लीपुर बुजुर्ग में गन्ने के खेत में शव मिला था। पुलिस की प्राथमिक पड़ताल में ही स्पष्ट हो गया था कि प्रीति की हत्या की गई है। पुलिस ने छानबीन की तो आरोपी मुरादाबाद के थाना पाकबड़ा अंतर्गत गांव बहादुरपुर राजपूत निवासी आकाश निकला। वह प्रीति को बाइक पर बैठाकर ले जाते हुए चंदौसी-बहजोई रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया था। पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि आरोपी और प्रीति की दोस्ती थी। वह प्रीति की शादी होने के बाद से खफा रहता था। इसके चलते ही हत्या को अंजाम दिया। आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
-
जुलाई 2023 में चंदौसी काम करने आया था आरोपी
आरोपी आकाश ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह चंदौसी के हनुमान गढ़ी में जुलाई 2023 में प्रीति के मकान के सामने रहता था। उसी समय प्रीति से उसकी मुलाकात हुई। जिसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां हो गई थीं। 23 नवंबर 2023 में प्रीति की शादी हो गई। जिसके बाद से वह खिन्न रहने लगा और प्रीति को खत्म करने की ठान ली। इस बीच आरोपी ने प्रीति को एहसास नहीं होने दिया कि वह उससे नाराज है। वह प्रीति से लगातार बात करता था। जब प्रीति चंदौसी आयी तो उसने हत्या की योजना बनाई। इसके बाद 29 मई को फोन कर मिलने के लिए बुलाया। इसके बाद बनियाठेर थाना क्षेत्र के अल्लीपुर बुजुर्ग के जंगल में ले जाकर उसके दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी उसका मोबाइल लेकर मुरादाबाद भाग गया।
-
हवालात में हंसता रहा आरोपी, नहीं दिखा चेहरे पर अफसोस
कोतवाली के हवालात में बंद आरोपी आकाश के चेहरे पर अपने किए अपराध को लेकर कोई पश्चाताप नहीं दिखा। वह हवालात के गेट पर खड़े होकर हंस हंसकर खड़े होमगार्ड से बात करता रहा। उसे अपने किए पर कोई पछतावा नहीं है। हालांकि उसने यह भी कहा कि नशे में होने की वजह से यह घटना हुई। हत्या से पहले दोनों के बीच कहासुनी हुई थी।