बहजोई। कलक्ट्रेट सभागार में प्रथम सड़क सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ किया गया। गुरुवार को सुबह 11 बजे करीब प्रारंभ की गई बैठक में जिलाधिकारी संजीव रंजन ने यातायात पुलिस कर्मियों से कहा कि ट्रिपल राइडिंग समेत हेलमेट आदि को लेकर नियमित चेकिंग की जाए। बाइक सवारों को हेलमेट व यातायात के नियमों को लेकर जागरूक किया जाए। राजमार्ग पर संकेतक लगवाएं। ट्रेक्टर-ट्रालियों पर रिफ्लेक्टर लगवाए जाएं। अवैध डग्गामार वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करें। जिला विद्यालय निरीक्षक के माध्यम से विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को भी यातायात के नियमों को लेकर जागरूक करें।
पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्र ने कहा कि चेकिंग के समय बाइक सवारों व दूसरे वाहन चालकों से किसी भी प्रकार की बहस न करें। कागजात पूरे न होने व यातायात नियमों का पालन न होने पर बिना विवाद किए ही ई-चालान करें। यदि कोई वाहन चालक विवाद की स्थिति पैदा करे, तो वीडियोग्राफी की जाए।
हूटर, सायरन व चार पहिया वाहनों पर काले शीशे को लेकर गंभीरता से चेकिंग की जाए। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी उचित कार्रवाई अमल में लाई जाए। संचालन एआरटीओ अम्बरीश कुमार ने किया। बैठक में अपर जिलाधिकारी कमलेश कुमार अवस्थी व सीएमओ डॉ. अजय कुमार सक्सेना समेत संगीता भार्गव व अन्य विद्यालयों के प्रतिनिधि व यातायात पुलिसकर्मी मौजूद रहे।