संभल। मामूली बात को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गई। मारपीट के बाद पथराव किया गय। इस दौरान फायरिंग भी हुई। इसमें मोहल्ला कोट गर्बी निवासी एक युवक को छर्रे लगे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे। महिला समेत चार अन्य लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया है।
सोमवार की दोपहर तीन बजे करीब संभल कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कोटगर्वी में दो पक्षों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसमें मारपीट हुई। आशिक अली पुत्र जफर अली का कहना है कि वह अपने घर से बाहर गली में जा रहा था। तभी मोहल्ले के एक युवक ने उसे गाली दी। जब विरोध किया तो वह मारपीट करने लगा।
जब लोग बीच बचाव करने पहुंचे तो पथराव किया गया और फायरिंग की। मारपीट में आशिक अली, असद, अजहर व उनकी मां राबिया घायल हुए हैं। आरोप है कि फायरिंग के दौरान आशिक अली को छर्रे लगे हैं। वहीं दूसरे पक्ष की ओर से मुंतजिम घायल हुआ है। विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर आरोपी भाग गए। पुलिस ने घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया है। एक पक्ष की ओर से कार्रवाई के लिए तहरीर दी है। कोतवाल विकास सक्सेना ने बताया कि फायरिंग की बात गलत है। दोनों पक्षों में मारपीट हुई है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।