सिंहपुरसानी। नखासा थाना क्षेत्र के संभल-हसनपुर मार्ग पर स्थित गांव गैलुआ में चाचा भतीजे के आपसी झगड़े में रविवार की शाम फायरिंग हो गई। इसमें बाइक सवार राजस्थान के जयपुर निवासी श्याम सिंह को छर्रे लगे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उपचार कराया है। पीड़ित ने बताया कि वह एक मसाला कंपनी में काम करते हैं। वह कहीं किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान फायरिंग हो गई और छर्रे उनकी गर्दन में लग गए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक व्यक्ति को पकड़ लिया है जबकि दूसरा व्यक्ति भागने में कामयाब रहा। पुलिस पीड़ित की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी कर रही है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव निवासी व्यक्ति का अपने भतीजे से किसी बात को लेकर कई दिनों से विवाद चल रहा है। इसी विवाद के चलते रविवार की शाम को फायरिंग हुई और छर्रे राहगीर को लग गए। ग्रामीणों ने बताया कि फायरिंग अवैध हथियार से की गई है। पुलिस अवैध हथियार भी तलाश करने में लगी है। थाना प्रभारी ने बताया कि दो लोगों के बीच विवाद में फायरिंग हुई है। एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया गया है। जबकि दूसरे की तलाश की जा रही है।