जिले में पशु तस्करों के हौसले बुलंद हैं। पिछले दिनों रजपुरा थाना पुलिस ने भारी मात्रा में गोमांस व गोवंशीय पशु बरामद किए थे। पकड़े गए दो आरोपियों के खिलाफ रासुका की कार्रवाई भी की गई थी। अब नखासा थाना पुलिस पर रविवार को मांस कारोबारियों ने फायरिंग कर दी।
पुलिस ने तीन मांस कारोबारियों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि दो मांस कारोबारी भागने में कामयाब हो गए। पुलिस ने तीनों मांस कारोबारियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम व पुलिस पर फायरिंग करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मुखबिर ने नखासा थाना पुलिस को सूचना दी कि क्षेत्र के लालबेग की मिलक गांव के जंगलों में पांच मांस कारोबारी गोवंशीय पशु का वध कर रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखकर मांस कारोबारियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। घेराबंदी कर पुलिस ने तीन मांस कारोबारी गिरफ्तार कर लिए।
जबकि दो मांस कारोबारी भाग गए। थानाध्यक्ष केके तिवारी ने बताया कि पकड़े गए मांस कारोबारी रुकनुद्दीन सराय गांव निवासी इस्लाम, वकील व बल्ले की पुलिया निवासी आसम उर्फ भूरे हैं। जबकि बल्ले की पुलिया मोहल्ला निवासी हफीज व शफीक फरार हो गए। तीनों मांस कारोबारियों से पशु का वध करने वाले उपकरण, एक तमंचा व दो क्विंटल मांस बरामद किया है।
मांस कारोबारियों ने पुलिस पर फायरिंग की है। तीन मांस कारोबारी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। दो फरार हो गए। पांचों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
कमलेश दीक्षित, एएसपी, संभल।