जुनावई। थाना क्षेत्र के नरुपुरा गांव में किसानों की तीन पशुशाला में मंगलवार को अचानक आग लग गई। इस घटना में तीन पशु झुलसे, जबकि एक गाय की झुलसने से मौत हो गई। मौके पर पहुंचे अग्निशमन दल के कर्मचारियों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की इस घटना में झुलसे तीनों पशुओं की हालत गंभीर बताई गई। किसानों के अनुसार हादसे में उनका करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पशुशाला में आग लगने से गांव में अफरातफरी मच गई थी।
नरुपुरा गांव निवासी किसान कमलेश कुमार की पशुशाला में मंगलवार की दोपहर साढ़े बारह बजे के करीब अचानक आग लग गई। लपटे निकलने पर लोगाें को इस घटना की जानकारी हुई, इस दौरान ग्रामीणों के शोर मचाने पर लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। साथ ही सभी आग बुझाने के प्रयास में जुट गए। लेकिन आग बुझने की बजाय और विकराल रूप धारण कर बगल में मौजूद दो अन्य पशुशालाओं को अपने आगोश में ले ली। आग से कमलेश कुमार की पशुशाला में बंधे पशुओं में से चार को ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जबकि दो पशु आग से बुरी तरह से झुलस गए। पड़ोसी नेमचंद की पशुशाला में बंधे तीन पशु और शेर सिंह की पशुशाला में बंधी गाय की झुलसने से मौत हो गई। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा सके। आग लगने की सूचना पर राजस्व विभाग के कर्मचारी भी घटनास्थल पर पहुंचे नुकसान का आंकलन करने में जुटे थे।