सरायतरीन (संभल)। हयातनगर थाना क्षेत्र के गांव कमलपुर सराय निवासी नरेश की पशुशाला में शनिवार की देर रात अचानक से आग लग गई। आग में जलकर तीन भैंस और तीन बकरियों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची दमकल की टीम ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। जानकारी मिलने पर पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने पहुंचकर जानकारी ली।
गांव कमलेपुर निवासी नरेश ने बताया कि शनिवार की रात करीब नौ बजे पशुओं को चारा डालकर पशुशाला का मुख्य गेट बंद कर घर लौट आए थे। देर रात करीब डेढ़ बजे पशुशाला के आसपास रहने वाले लोगाें ने आग लगने की सूचना दी। मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन तब तक तीन भैंस और तीन बकरी की मौत हो गई थी। बताया कि आग कैसे लगी इसकी जानकारी नहीं है। पशुशाला में उपले और लकड़ी रखी थी। जिससे आग ने विकराल रूप ले लिया। पीड़ित के अनुसार करीब तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है। राजस्व विभाग के लेखपाल ने नुकसान का आकलन किया है। हादसे के बाद पीड़ित परिवार सदमें है।
गांव कमालपुर सराय में आग लगने की सूचना पर पहुंचे थे। पशुशाला में बंधे छह पशुओं की मौत हुई है। नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तहसील प्रशासन को दी जाएगी। उसके बाद आगे की कार्रवाई होगी। -चंपत सिंह, लेखपाल