संभल। निकाय चुनाव को संपन्न कराने के लिए संभागीय परिवहन विभाग वाहनों के अधिग्रहण में जुटा हुआ है। चुनाव के लिए वाहन अधिग्रहण के लिए अब तक 60 वाहन स्वामियों को नोटिस भेजा है। नोटिस मिलने के बाद वाहन न भेजे जाने पर संबंधित के खिलाफ एफआईआर कराई जाएगी।
उधर, वाहनों को अधिग्रहण न करने के लिए लोगों ने सिफारिशें भी लगवानी शुरू कर दी हैं। निकाय चुनाव के लिए 4 मई को जिले की समस्त आठ निकाय क्षेत्रों में मतदान होगा। इसके लिए पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्र पर छोड़ने और वापस लाने के लिए प्रशासन के निर्देश पर संभागीय परिवहन ने वाहनों का अधिग्रहण करना शुरू कर दिया है। अधिग्रहित वाहनों को दो मई को निर्धारित स्थान पर पहुंचना होगा। एआरटीओ प्रवर्तन अंबरीश कुमार ने बताया कि निकाय चुनाव के लिए सीमित वाहनों की आवश्यकता है। जिले में 102 मतदान केंद्रों पर पोलिंग पार्टियों को पहुंचाने के लिए 150 भारी वाहनों की जरूरत होगी। जबकि अन्य कार्यों के लिए 50 छोटे वाहन अधिग्रहित किए जाने हैं।
अधिग्रहित वाहनों को नोटिस भेजकर अवगत करा दिया गया है। कुछ लोग प्रतिदिन सिफारिश लेकर आने लगे हैं कि उनके वाहन को चुनाव में न लगाया जाए। बताया कि निर्धारित समय पर वाहन नहीं पहुंचे तो संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।