चंदौसी। परिवार न्यायालय से लंबित वाद की पत्रावली चोरी के मामले में मां-बेटे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
परिवार न्यायालय चंदौसी के प्रस्तुतकार राजीव भटनागर ने कोतवाली में राहुल व राहुल की मां पता अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। उनका कहना है कि परिवार न्यायालय में 10 फरवरी की दोपहर पत्रावलियों की सुनवाई के दौरान न्यायालय में लंबित वाद संख्या 437/2022 राजकुमारी बनाम राहुल लंबित थी। तभी उक्त वाद में पक्षकार राहुल व उसकी मां दोपहर करीब 1.45 बजे उक्त पत्रावली को न्यायालय की डायस से उठा कर ले गए।
घटना के समय न्यायालय में कार्यरत अर्दली जितेंद्र कुमार व वादिनी राजकुमारी उपस्थित थीं। इन लोगों ये घटना देखी और पीठासीन अधिकारी को घटना की सूचना दी। तब राहुल और उसकी मां दो घंटे बाद न्यायालय में उपस्थित हुए और पता करने पर न्यायालय को गुमराह करने लगे। न्यायालय में सुरक्षा प्रभारी ने सीसीटीवी कैमरे दिखाए गए तो पता चला कि राहुल की मां एक थैला लेकर न्यायालय से निकली और जब दो घंटे बाद न्यायालय में आई तो उसके पास कोई थैला नहीं था। संवाद