चंदौसी। रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्मों पर कोच गाइडिंग सिस्टम न होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। ट्रेन आने पर यात्रियों को यह समझ नहीं आता कि उनकी बोगी किस स्थान पर रुकेगी, जिससे प्लेटफार्म पर अफरातफरी का माहौल बन जाता है।
अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल होने के बावजूद चंदौसी रेलवे स्टेशन पर कई जरूरी सुविधाओं की कमी अब भी यात्रियों को परेशान कर रही है। स्टेशन से दिल्ली, लखनऊ, देहरादून, बरेली, अलीगढ़, मुरादाबाद और टनकपुर समेत कई प्रमुख शहरों के लिए ट्रेनें गुजरती हैं। ऐसे में ट्रेन आने के समय प्लेटफार्मों पर यात्रियों की भारी भीड़ जुट जाती है, लेकिन कोच गाइडिंग सिस्टम न होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ जाती है।
ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर रुकते ही यात्रियों को यह समझ नहीं आता कि उनका आरक्षित कोच कहा रुकेगा। मजबूरन लोग अपनी बोगी की तलाश में इधर-उधर भागते नजर आते हैं, जिससे धक्का-मुक्की और अफरातफरी की स्थिति बन जाती है। सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं, बुजुर्गों और छोटे बच्चों को होती है। स्टेशन अधीक्षक राजू कुमार ने बताया कि रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत सौंदर्यीकरण का कार्य चल रहा है। इसी योजना के अंतर्गत यात्रियों की सुविधा के लिए नए कोच गाइडिंग सिस्टम भी लगाए जाएंगे।