चंदौसी (संभल)। नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पुराने भवन की नीलामी के समय दो लोगों में मारपीट हो गई। पुलिस के पहुंचने के बाद नीलामी प्रक्रिया संपन्न हुई। सीएचसी के खस्ताहाल भवन को शासन के आदेश के बाद नीलाम किया गया। इससे शासन को 3.15 लाख रुपये की आय हुई है।
चंदौसी सीएचसी में क्रिटिकल केयर यूनिट प्रस्तावित है। जिसे अस्पताल परिसर के पुराने भवन को तोड़कर बनाया जाएगा। इसके लिए शनिवार को पुराने भवन की नीलामी प्रकिया की गई। जिसमें स्वास्थ्य विभाग की ओर से गठित टीम में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हरवेंद्र सिंह और फाइनेंस ऑफिसर कन्हैया लाल की मौजूदगी में भवन की नीलामी कराई। संभल के अलावा आसपास जनपदों के 94 ठेकेदारों ने प्रतिभाग किया। बताते है कि नीलामी के दौरान दो लोगों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। जिसमें बाद जमकर मारपीट हुई। विवाद की सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह मामले को शांत कराया। जिसके बाद पुलिस की मौजूदगी में नीलामी प्रक्रिया पूरी हुई। भवन की सरकारी बोली 2.60 लाख रुपये तय की गई थी, जिसे मुरादाबाद जनपद के भोजपुर के रहने वाले ठेकेदार असलम ने 3.15 लाख का खरीदा। इस दौरान डॉ. संतोष कुमार, जेई पीके जैन आदि मौजूद रहे थे।
-
वर्जन
जिस परिसर में नीलामी हो रही थी, उस स्थान पर विवाद नहीं हुआ है। बाहरी परिसर में दो लोगों में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। नीलामी प्रक्रिया शांतिपूवर्क संपन्न हुई है। -डॉ. हरवेंद्र सिंह, चिकित्सा अधीक्षक चंदौसी