सैदनगर। टीएमयू से पढ़कर लौट रहे छात्रों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इनके बीच खूब लात-घूंसे चले। इस दौरान बस के शीशे भी टूट गए। घटना थाना गंज अंतर्गत स्वार रोड स्थित अली बाग के निकट की है।
रोजाना की तरह मुरादाबाद स्थित टीएमयू के छात्र यहां से जाते-आते हैं। शनिवार शाम स्वार के कुछ छात्रों के साथ खौद क्षेत्र के छात्रों से कहासुनी हो गई। कुछ ही देर में इनके बीच मारपीट होने लगी। बस में छात्राएं भी थीं। घटना से अफरातफरी मच गई। इसी दौरान एक पक्ष के छात्रों ने कॉल करके अपने साथियों को बुला लिया। बताते हैं इनके बीच फिर से मारपीट शुरू हो गई।
इस दौरान बेल्ट और डंडों से बस के शीशे भी टूट गए। घटना के बाद एक पक्ष वापस लौट गया जबकि दूसरा पक्ष मंडी पुलिस चौकी पहुंच गया। घटना में जुनैद और सिराज तथा दूसरे पक्ष के भी चार युवक घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही टीएमयू के अधिकारी भी पुलिस चौकी आ गए हैं। पुलिस घटना की जांच कर रही है।