चंदौसी/कुढ़फतेहगढ़। बेरनी की सहकारी समिति में पांच दिन से ताला लटका है। आसपास के बीस गांवों के किसान बंद ताला देखकर लौट रहे हैं। किसानों का कहना है कि उन्हें खाद की जरूरत पर समिति में कोई नहीं मिलता है। इससे दिक्कत आ रही है।
समिति कर्मचारियों का कहना है कि वे वसूली में लगे हैं। किसान सेवा सहकारी समिति पर किसानों को खाद बीज उपलब्ध कराया जाता है ताकि किसानों को खाद बीज के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े। शुक्रवार को अमर उजाला की टीम द्वारा कुढ़थाना क्षेत्र में स्थित किसान सेवा सहकारी समितियों का हाल देखा तो बेरनी स्थित किसान सेवा सहकारी समिति में ताला लगा हुआ था और समिति में बने बरामदे में ग्रामीण ने ट्रैक्टर खड़ा किया हुआ था। किसान सेवा सहकारी समिति में कोई कर्मचारी भी नहीं था। ऐसे में ग्रामीण काश्तकारों को खाद के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है जबकि सरकार ने किसानों के लिए खाद, बीज तथा दवाओं की दुकानों को इमरजेंसी सेवा में रखा है।